27.5 C
Harda
Thursday, January 15, 2026

 “झूठे श्रेय की राजनीति बंद करें कमल पटेल” – विकास कार्यों पर विधायक का बड़ा बयान…

Must read

मोरंड–गंजाल और इलाप सिंह परियोजनाओं से बदलेगा हरदा का भविष्य: विधायक डॉ. दोगने..

अखिलेश बिल्लौरे

  1. मो :- 9425638014

हरदा। विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने प्रेसवार्ता कर अपने दो वर्ष के विधायकीय कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों और बड़ी सिंचाई परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मोरंड–गंजाल सिंचाई परियोजना से हरदा और हरसूद क्षेत्र को सर्वाधिक लाभ मिलेगा, जिसमें कुल 200 ग्रामों की 64,111 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। 3,500 करोड़ की इस परियोजना को कांग्रेस सरकार में स्वीकृति मिली थी। 2,200 करोड़ का अनुबंध भी वर्ष 2020 में हो चुका था, परंतु पर्यावरण विभाग की एनओसी लंबित होने के कारण कार्य अब तक रुका हुआ है।
डॉ. दोगने ने आरोप लगाया कि पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल ने लंबे समय तक सत्ता में होने के बावजूद न तो परियोजना का कार्यालय हरदा में ला सके और न ही कार्य प्रारंभ करा पाए। उन्होंने दावा किया कि निरंतर प्रयासों के बाद अब एनओसी जल्द मिलने वाली है तथा विधानसभा के बजट–सत्र में उन्होंने मोरंड–गंजाल परियोजना के लिए 254 करोड़ रुपये और अतिरिक्त निर्माण कार्यों हेतु अलग से राशि मंजूर कराई है।

विधायक ने यह भी बताया कि शहीद इलाप सिंह माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना से हरदा के 118 ग्रामों की 26,897 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी, जिसके लिए 150 करोड़ रुपये की स्वीकृति उनके प्रयासों से मिली। इसके अलावा हंडिया बैराज परियोजना हेतु 100 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में 316.20 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण व भूमिपूजन भी किया गया।

उन्होंने कई सड़कों, नल–जल योजनाओं, स्वास्थ्य केंद्रों, उपकेन्द्रों, ओवरब्रिज, विद्युत सबस्टेशन तथा अमृत 2.0 जैसी दर्जनों परियोजनाओं की सूची प्रस्तुत की, जिनके पत्थरों पर उनका नाम दर्ज है।
डॉ. दोगने ने आरोप लगाया कि सांसद प्रतिनिधि कमल पटेल उनके कार्यकाल में स्वीकृत योजनाओं का “फर्जी भूमि-पूजन” कर झूठा राजनीतिक श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 25 वर्ष विधायक व चार बार मंत्री रहने के बावजूद कमल पटेल क्षेत्र में कोई बड़ा विकास कार्य नहीं करा पाए, इसलिए जनता ने उन्हें 2023 में नकार दिया।
अंत में उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी बड़ी परियोजनाओं का कार्य शीघ्र शुरू होगा और हरदा जिले को विकास की नई दिशा मिलेगी।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article