25.7 C
Harda
Thursday, January 15, 2026

हरदा में पर्यटन को अब मिलेगी नई पहचान :- जोगा से हनुवंतिया तक बनेगा पर्यटन जलमार्ग, गोराखाल जलप्रपात भी होगा आकर्षण का केंद्र

Must read

हरदा में पर्यटन को अब मिलेगी नई पहचान :-

 

जोगा से हनुवंतिया तक बनेगा पर्यटन जलमार्ग, गोराखाल जलप्रपात भी होगा आकर्षण का केंद्र

अखिलेश बिल्लोरे, हरदा

हरदा। जिले के पर्यटन परिदृश्य में बड़ा बदलाव लाने की दिशा में प्रशासन ने ठोस पहल की है। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि हरदा जिले के ऐतिहासिक स्थल जोगा से हनुवंतिया तक पर्यटन जलमार्ग विकसित किया जाएगा। इस योजना के क्रियान्वयन से न सिर्फ जिले को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी, बल्कि यहां आने वाले पर्यटकों को भी प्राकृतिक सौंदर्य और रोमांचक गतिविधियों का भरपूर आनंद मिल सकेगा।

 

बैठक में यह भी तय किया गया कि जोगा तक पहुंचने वाले पर्यटकों को गोराखाल जलप्रपात तक आकर्षित करने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे। भोपाल से आए पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जोगा को जल पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां पर्यटकों को वर्डवाचिंग, साइक्लिंग और जैव विविधता दर्शन जैसी गतिविधियों की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही, जोगा में नाइट स्टे, किला भ्रमण और वाटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देकर इसे रोमांचक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

 

इसके अतिरिक्त, ग्रामीण पर्यटन को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से हंडिया और खुदिया में होम स्टे निर्माण की योजनाओं पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों का मानना है कि इस कदम से स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और पर्यटकों को गांव की संस्कृति और परंपराओं को करीब से समझने का अवसर प्राप्त होगा।

 

पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हनुवंतिया से आगे ओंकारेश्वर और महेश्वर जैसे प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों तक भ्रमण की व्यवस्था भी की जाएगी।

 

इस अवसर पर पर्यटन विभाग के संचालक कौशन बी.पी. सिंह, संयुक्त संचालक एडवेंचर स्पोर्ट्स एस.के. श्रीवास्तव और वाटर टूरिज्म सलाहकार राजेन्द्र निगम सहित जिले के कई अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में संयुक्त कलेक्टर सतीश राय और समिति के सदस्य भी मौजूद थे।

 

यह पहल हरदा जिले को आने वाले समय में प्रदेश के महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबत होगी।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest article